असोथर थाने में मौजूद विद्युत संविदा कर्मी
- फोटो : FATEHPUR
असोथर (फतेहपुर)। ऐंझी गांव में मंगलवार की रात बिजली ठीक करने गए संविदा लाइनमैन को करंट लग गया। उसे बचाने व इलाज कराने पहुंचे सहकर्मियों को गांव वालों ने जमकर पीटा। ग्रामीणों का एक समूह बिजली ठीक करने के बाद ही जाने देने की जिद पर अड़ा था। जैसे-तैसे रात बीती। सुबह छह बजे लाइनमैनों ने बिजली काट कर हड़ताल शुरू कर दी। इससे महकमे में अफरातफरी का माहौल हो गया। एसडीओ व सहायक अवर अभियंता के एफआईआर दर्ज कराने पर दोपहर पौने चार बजे आपूर्ति चालू की गई।
बता दें कि थाना क्षेत्र के ऐंझीं गांव में आंधी-पानी के वजह से सोमवार को बिजली पोल में फाल्ट हो गया था। सूचना पर उपकेंद्र से संविदा में तैनात संविदा लाइनमैन रामकिशोर मंगलवार की रात लगभग आठ बजे फाल्ट सुधारने गए थे। वहां करंट लगने से वह झुलस गए। बचाने के लिए उपकेंद्र से संविदा लाइनमैन व कर्मी विनोद, अरविंद, कोमल व घनश्याम पहुंचे। वह साथी रामकिशोर को अस्पताल ले जाने लगे। इस पर ग्रामीणों के एक समूह ने कर्मचारियों को घेर लिया। कहा पहले बिजली बनाओ फिर इलाज के लिए ले जाओ। इस पर बात बढ़ी तो आरोप है कि ग्रामीणों ने लाइनमैनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। बुधवार सुबह लगभग छह बजे गुस्साए उपकेंद्र कर्मियों ने बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। जेई हरिकेश कुमार ने पिंटू यादव, अजीत सिंह, झल्लर सिंह, उमेश समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट करने का आरोप लगाया है। एसडीओ मोहम्मद जाहिद सिद्दीकी नर्सिंग होम में भर्ती कर्मचारियों का हाल जानने पहुंचे। उन्होंने बताया पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। एसओ हेमराज सरोज ने बताया बिजली अधिकारियों से बातचीत के बाद दोपहर पौने चार बजे बिजली सप्लाई चालू कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।