फतेहपुर। महिला शिक्षक के खाते से साइबर अपराधियों ने 50 हजार की रकम पार कर दी। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। रकम एटीएम के जरिये निकाली गई है। जबकि एटीएम शिक्षिका के पास है। शहर के महाजरी मोहल्ला निवासी तंजीम फातिमा मदारियापुर में सहायक अध्यापक है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन की वजह से काफी दिनों से बैंक नहीं गई थी। वह खाते में कुछ रुपये जमा करने के लिए मंगलवार को सिविल लाइन आईडीबीआई बैंक गई थी। तभी बैंक पासबुक में रकम की एंट्री कराई। खाते से 50 हजार की रकम गायब थी। बैंक से जानकारी करने पर पता लगा कि रकम 8 और 9 अप्रैल को 25 -25 हजार की रकम शहर के दो एटीएम बूथ से निकाले जाने का पता लगा। जबकि एटीएम कार्ड का उन्होंने कहीं भी इस्तेमाल नहीं किया है। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर जांच साइबर शाखा को भेजी गई है।