फतेहपुर। राज्य सर्विलांस मुख्यालय से बुधवार रात विदेश से आने वालों की एक और सूची आ गई। इनकी संख्या पंद्रह है। इस नई सूची से काम में लगे लोग परेशान हो गए हैं। गुरुवार को फोन नंबर व पता के सहारे इन्हें तलाशने का काम चला। बता दें कि विदेश से जिले में आने वालों की सूची 311 पहुंच गई है।
विदेश से आने वालों का सत्यापन कर उन्हें क्वारंटीन करने और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र में स्वास्थ्य महकमे का कंट्रोल रूम बना है। यहां राज्य सर्विलांस मुख्यालय विदेश से आने वालों की सूची भेजता है। इस सूची को सीएमओ की टीम फोन नंबर व पता के सहारे तस्दीक कर परीक्षण व दवा उपलब्ध कराती है।
विदेश व बाहरी प्रांत से आने वालों की जमात में संक्रमण का कौन मरीज है, इसे तलाशना विभाग के लिए एक चुनौती है। मरकज से जिले में आए छह लोगों की सूची को लेकर विभाग माथापच्ची कर ही रहा था कि विदेश से आए लोगों की नई सूची ने टीम को परेशानी में डाल दिया है।
जिला महामारी विज्ञानी डॉ. अब्दुल्ला ने बताया कि बुधवार की रात पंद्रह लोगों की नई सूची आई है। इनमें से दो दूसरे जिलों के निकले। उनके नाम, पता व नंबर को संबंधित जिलाधिकारी को भेज दिया गया है। बचे 13 लोगों में कुवैत, सऊदी, नेपाल, इजराइल से आने वाले लोग हैं। इनके नाम व पता ट्रेस कर लिए गए हैं। आशा बहुओं को लगाकर इन तक सूचना भेज दी गई है।
जल्द ही मेडिकल परीक्षण भी करा लिया जाएगा। तब तक एकांतवास में रहने की सलाह दी गई है। वही दूसरी ओर पहले से आई सूची में अब तक टीम को 41 लोग नहीं मिल पाए हैं। इन नामों से जुड़ी चीजों को दुबारा सर्विलांस टीम को भेजकर अन्य सूचनाएं मांगी गई हैं।