फतेहपुर। अक्तूबर में नियुक्त 471 शिक्षकों ने डीएम से वेतन भुगतान कराने की मांग की है। शनिवार को कलक्ट्रेट में डीएम को संबोधित ज्ञापन अपर एसडीएम विजयशंकर तिवारी को देकर बेसिक शिक्षा विभाग पर जानबूझकर वेतन भुगतान में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया है।
शिक्षकों ने बताया कि प्रदेश में 69000 शिक्षक भर्ती के पहले चरण में 19 दिसंबर को जिले में 471 शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। 31 अक्तूबर को विद्यालय आवंटन हुआ था और दो नवंबर को कार्यभार ग्रहण किया था। पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें वेतन नहीं दिया गया है, जबकि पड़ोसी जिलों में उनके साथ नियुक्त सभी शिक्षकों के अभिलेखों का आनलाइन सत्यापन कराकर वेतन भुगतान हो चुका है।
शिक्षक अपने घरों से सैकड़ों किमी दूर यहां पर नौकरी कर रहे हैं। ऐसे में आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में वेतन भुगतान कराने के आदेश पारित करना आवश्यक है। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, नवीन, गौरव, सत्येंद्र, सूर्या, आकाश, शिवराम, नरपत, सीताराम, आदित्य, सर्वेश कुमार, निर्भय सिंह, प्रशांत, आकाश पटेल मौजूद थे।