फतेहपुर। कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को जिले में पांच लोगों के कोरोनो संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस तरह से अब एक्टिव केस बढ़कर 35 हो गए हैं। तीन दिन में कुल 14232 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई।
स्वास्थ्य विभाग को कुल 456 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें पांच के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अमौली ब्लाक के रमतरुआपुर का एक व्यक्ति, हसवा ब्लाक के कुसुंभी गांव का एक व्यक्ति, धाता ब्लाक के डेडासई गांव की रहने वाली एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनके अलावा सीएचसी खागा का एक कर्मचारी, शहर के तुराबअली का पुरवा निवासी एक व्यक्ति के कोरना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इन सभी को उनके घरों में क्वारंटीन किया गया है।
उधर, कोरोना वैक्सीनेशन की रफ्तार में तेजी आई है। अप्रैल महीने के तीन दिन में 14232 लोगों का टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने इन तीन दिन में टीकाकरण का लक्ष्य 16650 निर्धारित किया था। शनिवार को जिले भर के 67 बूथों पर 8400 के सापेक्ष 6431 लोगों को टीके लगाए गए।
इसमें 3293 पुरुष और 3138 महिलाएं शामिल हैं। वैक्सीनेशन के नोडल डिप्टी सीएमओ डा. सुरेश चंद्र ने बताया कि टीकाकरण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है। मार्च की अपेक्षा अप्रैल के तीन दिनों में टीकाकरण की रफ्तार में 8.55 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।