फतेहपुर। महाराष्ट्र प्रांत के पुणे शहर से कमाकर लौट रहे चाचा और भतीजे को जहरखुरानी गिरोह के शातिरों ने नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। पुलिस ने सड़क के किनारे बेहोश पड़ा देखकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहर खुरानों ने चाचा-भतीजा के पास से 60 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन और कपड़ों से भरे बैग लूटा है। पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है।
गाजीपुर थानाक्षेत्र के बावन गांव निवासी जगतपाल की बेटी शारदा की 11 मई को शादी है। बहन की शादी में शरीक होने के लिए भाई सुभाष चाचा गोलू के साथ आ रहा था। दोनों ट्रेन से शनिवार रात करीब नौ बजे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन के बाहर एक ऑटो गांव जाने के लिए बुक किया। उसमें बैठकर दोनों गांव जाने लगे। ऑटो पर पहले से चार लोग बैठे थे। इन लोगों ने बातों में फंसाकर चाचा-भतीजे को नमकीन, बिस्कुट व पेठा खिलाया, खाने के बाद दोनों अचेत हो गए।
दोनों की नकदी, सामान व मोबाइल लूटने के बाद ऑटो चालक ने दोनों को ओवरब्रिज पर उतार दिया। दोनों वहां अचेतावस्था में पड़े थे। जिला अस्पताल में होश आने पर सुभाष ने नकदी, मोबाइल और बैग लूट की बात बताई। कोतवाली आनंद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि शक के आधार पर दो लोगों को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।