फाइल फोटो-30-अनमोल सिंह। स्रोत परिजन
चौडगरा। मुरादीपुर-बिंदकी मार्ग पर कंसपुर रेलवे ओवरब्रिज के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने सामने से बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे किसान की डंपर से कुचलकर मौके पर मौत हो गई। पीछे बैठी बेटी और उसकी सहेली छिटककर दूर गिरने से घायल हो गईं। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को सामने लाने की मांग को लेकर पुलिस को करीब दो घंटे तक शव नहीं उठाने दिया।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुगौली गांव निवासी अनमोल सिंह (55) रविवार सुबह करीब 10 बजे बेटी खुशी सिंह और उसकी सहेली काजल वाजपेयी पुत्री अरविंद वाजपेयी को बाइक से स्नातक का बैक पेपर दिलाने बिंदकी स्थित कॉलेज गए थे।
परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर करीब दो बजे तीनों घर लौट रहे थे तभी कंसपुर ओवरब्रिज के पास मुरादीपुर से बिंदकी की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने सामने से टक्कर मार दी। अनमोल सिंह डंपर के पिछले पहिए के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे के बाद घायल खुशी ने डंपर चालक को थप्पड़ भी मारे। परिजन भी पहुंच गए और शव उठाने से रोक दिया। चालक को बुलाने की मांग करने लगे।
करीब दो घंटे बाद पुलिस ने शव कब्जे में लिया। घटनास्थल से हेलमेट कुछ दूरी पर मिला। नायब तहसीलदार सुशील कुमार भी मौके पर पहुंचे।थानाध्यक्ष सुमितदेव पांडेय ने बताया कि डंपर और चालक बृजेश कुमार को पकड़ लिया गया है। डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फाइल फोटो-30-अनमोल सिंह। स्रोत परिजन
फाइल फोटो-30-अनमोल सिंह। स्रोत परिजन