फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर सात अगस्त को सड़क हादसे में घायल सुनील कुमार मिश्रा (53) की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।
कटोघन निवासी राधेश्याम मिश्रा ने बताया कि भाई सुनील मिश्रा हाईवे किनारे चंद्रपाल विश्वकर्मा की दुकान पर पंखा बनवाने गए थे। यहां से लौटते समय बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर घायल सुनील को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया था।
यहां निजी नर्सिंग होम में बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
हादसे में बाइक सवार घायल, रेफर
जहानाबाद। सड़क हादसे में बृहस्पतिवार को बाइक सवार घायल हो गया। कानपुर देहात के सजेती थाना क्षेत्र के सवायपुर निवासी पिंकू सचान (50) बाइक से जहानाबाद किसी काम से आए थे। लौटते समय पिंकू की बाइक में थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की जहानाबाद सीएचसी में हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने कानपुर हैलट रेफर किया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
ई-रिक्शा पलटने से युवक घायल
हथगाम। ई-रिक्शा पलटने में चालक घायल हो गया। क्षेत्र के पलिया गांव निवासी अरुण कुमार (30) ई-रिक्शा का चालक हैं। बृहस्पतिवार को अरुण ई-रिक्शा लेकर हथगाम से गांव की तरफ जा रहे थे। रास्ते में ई-रिक्शा अनियंत्रित होने पलट गया। इससे अरुण कुमार घायल हो गए। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।