असोथर। प्रताप नगर चौराहे से बदहाल असोथर मार्ग पर बुधवार रात सुजानपुर रजबहा के पास सड़क के गड्ढे में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किसान की मौत हो गई। जबकि उसका साला और भतीजा घायल हो गए।
थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह बाबातारा निवासी छत्रपाल निषाद (52) किसान थे। वह ई-रिक्शा में खेत से सब्जी लेकर खागा मंडी जा रहे थे। उनके साथ साले दिलीप निषाद निवासी ढरहरी और भतीजा मनोज निषाद भी थे। सुजानपुर रजबहा के पास कल्लू तिवारी की बिल्डिंग दुकान के सामने सड़क पर बने गड्ढे में ई-रिक्शा पलट गया।
हादसे में छत्रपाल के सिर पर गंभीर चोट आई। दिलीप और मनोज भी घायल हो गए। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। छत्रपाल को एंबुलेंस से सीएचसी गाजीपुर ले जाया गया। यहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे की फोटो हाथ में लेकर बिलखती रही मां
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां सुखरनिया (85) उसकी तस्वीर हाथ में लेकर फूट-फूटकर रोती रहीं। वह बार-बार तस्वीर को निहारकर बेटे को याद करती रहीं। छत्रपाल का इकलौता बेटा राम खेलावन महाराष्ट्र के नासिक में मजदूरी करता है। परिजन ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे यमुना नदी किनारे स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
एक किलोमीटर में 22 गड्ढे, हादसों का खतरा
असोथर। प्रताप नगर से असोथर तक सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब एक किलोमीटर के मार्ग में 22 गड्ढे हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। दोपहिया और ई-रिक्शा सवार आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
सुजानपुर रजबहा के पास भी सड़क बेहद जर्जर है। इसी स्थान पर बुधवार रात हादसा हुआ। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
फाइल फोटो-05-छत्रपाल निषाद। स्रोत: परिजन
फाइल फोटो-05-छत्रपाल निषाद। स्रोत: परिजन