औंग। एक किसान को परिचित दुकानदार पर खाते से 12 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
थाना क्षेत्र के करचलपुर गांव निवासी राम शंकर कुशवाहा का खाता बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा औंग में है। किसान का कहना है कि दो माह पहले उसने बैंक में रुपये जमा किए थे।
वह गुरुवार को खाते से रुपये निकालने पहुंचा। तो उसे पता चला कि 22 नवंबर को खाते से 9 हजार और 23 दिसंबर को 3 हजार रुपये निकाले गए हैं।
किसान ने पुलिस को बताया कि उसने बैंक में रुपये जमा करने के बाद फोटो कॉपी की दुकान चलाने वाला अपने परिचित युवक को पासबुक दिखाई थी। पासबुक के साथ आधार कार्ड भी था।
इसी दौरान दुकानदार ने एक मशीन में दो बार अंगूठा लगवाया था। उसने ही खाते से 22 नवंबर 2020 को 9 हजार और 23 दिसंबर को 3 हजार ट्रांसफर कर लिए। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया किसान ने तहरीर दी है, मामले की जांच की जा रही है।