जाफरगंज। थाना क्षेत्र के केवई गांव में 160 वर्ग गज के प्लॉट के लिए बड़े भाई ने बेटे, बेटी व अन्य लोगों के साथ मिलकर छोटे की हत्या कर दी थी। पुलिस ने दिवंगत के बेटे के बयान दर्ज किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन में आक्रोश दिख रहा है।
केवई गांव में बुधवार को जमीन के लिए रामाकांत और बड़े भाई फूल सिंह के बीच विवाद हुआ था। फूल सिंह पक्ष के लोगों ने रामाकांत को पकड़कर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बुरी तरह पीटा जिससे उनकी मौत हो गई। रमाकांत के छोटे पुत्र पवन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने फूल सिंह, पुत्र हरनारायण उर्फ धर्मेंद्र, विनय सिंह, पुत्री शिखा और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। सभी आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
शुक्रवार शाम पुलिस बयान दर्ज करने गांव पहुंची थी। यहां परिजन ने पहले गिरफ्तारी की मांग कर बयान देने से इन्कार कर दिया। शनिवार को थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ला दोबारा गांव पहुंचे और परिजन को समझाया कि विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
इस पर पवन सिंह ने बयान दर्ज कराया। पत्नी सुनीता के बयान अभी तक दर्ज नहीं हुए हैं। किसी भी हंगामे की आशंका के चलते गांव में पुलिस बल तैनात है। थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगी हैं। दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
खुशियां मातम में हुईं तब्दील
हत्यारोपी फूल सिंह के छोटे पुत्र विनय का तिलक एक मई को होना था और पांच मई को बरात जानी थी। घर में शादी की तैयारी जोरों पर थी जहां शहनाई बजने और खुशियां मनाने की उम्मीद थी। वहां अचानक हुए खूनी संघर्ष में भाई की हत्या ने पूरे माहौल को मातम में बदल दिया। घटना के दिन दिल्ली, कानपुर, बांदा और हमीरपुर समेत कई जगहों से रिश्तेदार तिलक समारोह में शामिल होने गांव पहुंच चुके थे। वारदात के बाद सब कुछ थम गया। कई रिश्तेदार लौट गए हैं।