फतेहपुर। फर्म के जीएसटी पोर्टल का दुरुपयोग कर 13 फर्मों के नाम पर फर्जी बिल जारी कर दिए। आरोप है कि फर्म के मुनीम ने इस फर्जीवाड़े के जरिये मालिक को करीब दो करोड़ रुपये का चूना लगाया। जानकारी होने पर फर्म मालिक ने मंगलवार को मुनीम और 13 फर्मों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कानपुर नगर के थाना काकादेव क्षेत्र के ओ ब्लॉक गीतानगर निवासी ऊषा सिंह पत्नी राम सिंह गौतम ने बताया कि वह ऊषा राम समूह नाम की स्वामित्व वाली फर्म का संचालन करती हैं। फर्म का वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पंजीकरण 15 अप्रैल 2024 को गेस्ट हाउस से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कराया गया था।
फर्म कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में स्थित है। फर्म का निर्माण सामग्री की खरीद-बिक्री से कोई संबंध नहीं है। आज तक फर्म से किसी भी प्रकार की सामग्री की बिक्री नहीं हुई है और न ही किसी संस्था को कोई आपूर्ति की गई है। फर्म से केवल गेस्ट हाउस का संचालन होता है।
ऊषा सिंह ने बताया कि फर्म की स्थापना से ही सभी कामकाज और जीएसटी विवरण दाखिल करने की जिम्मेदारी पड़ोसी मितांशु कुशवाहा को मासिक वेतन पर मुनीम के रूप में दी गई थी।
वह फर्म का जीएसटी पोर्टल भी देखता था। विवरण दाखिल करने के नाम पर उनसे ओटीपी लेता रहता था। करीब एक पखवाड़े पहले उन्होंने अचानक जीएसटी पोर्टल चेक किया तो उसमें 13 व्यापारिक प्रतिष्ठानों के नाम पर बिक्री के बिल प्रदर्शित मिले। इन बिलों में दर्शाई गई बिक्री की रकम भी फर्म के बैंक खाते में नहीं आई थी।
आरोप है कि मितांशु और 13 प्रतिष्ठानों के संचालकों ने साजिश के तहत फर्म के जीएसटी पंजीकरण का दुरुपयोग कर करीब दो करोड़ का फर्जीवाड़ा किया। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि करीब दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
ईमेल और मोबाइल नंबर बदलकर छिपाई गई जानकारी
फर्म मालिक ऊषा सिंह का आरोप है कि मितांशु ने बिना अनुमति के जीएसटी पोर्टल पर पंजीकृत ई-मेल पता और मोबाइल नंबर बदल दिया था। इस वजह से फर्म के जीएसटी विवरणों की जानकारी उन्हें नहीं मिल सकी। उन्होंने मितांशु कुशवाहा से पूछा कि जब फर्म से निर्माण सामग्री की बिक्री ही नहीं हुई तो उसके नाम पर इतनी बड़ी संख्या में बिक्री के बिल किस आधार पर जारी किए गए। हालांकि मितांशु ने कोई जवाब नहीं दिया।
इन फर्मों के नाम पर जारी हुए फर्जी बिल
जीएसटी पोर्टल से एएसआर टेक्नो सॉल्यूशन, राधे कृष्णा एंटरप्राइजेज, सागर टिन इंडस्ट्रीज, लक्ष्मी एंटरप्राइजेज एस, जोवी लॉजिस्टिक्स, शारदुल एंटरप्राइजेज, महादेव एंटरप्राइजेज, विधान कंस्ट्रक्शन, इंडोटेक इलेक्ट्रिकल्स, सरपंच अर्थ मूवर्स, एमएसएपी बिल्डकॉन, एमएस होरा लॉजिस्टिक्स और चंद्रा टिन इंडस्ट्रीज के नाम पर फर्जी बिल जारी किए गए हैं।