जेल रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर इंटर कालेज में शिक्षक के गणित का होमवर्क पूरा नहीं करने पर छात्र को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से पीड़ित छात्र खौफजदा है। परिजनों नेघटना को लेकर प्रिंसिपल से शिक्षक की शिकायत की है। प्रिंसिपल ने घटना की जांच करके शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
शहर के वर्मा चौराहा मोहल्ला निवासी उदय सिंह का 12 वर्षीय पुत्र कृष्ण प्रताप सिंह महर्षि विद्या मंदिर में कक्षा सात का छात्र है। छात्र ने सोमवार शाम घर पहुंचकर कपड़े उतारे, तो परिजन उसके शरीर पर काले निशान देखकर हैरत में पड़ गए। स्कूल में पिटाई किए जाने की बात सामने आने पर मंगलवार को छात्र को लेकर उसके पिता स्कूल पहुंचे।
प्रिंसिपल एके मिश्र को छात्र के पिता ने बताया गणित के शिक्षक प्रभात गुप्ता ने उसके बेटे की बुरी तरह पिटाई की है। प्रिंसिपल के पूछताछ करने पर शिक्षक प्रभात गुप्ता ने छात्र की पिटाई करने की बात स्वीकार कर ली। छात्र ने बताया क्लास के सभी छात्रों का गणित का होमवर्क पूरा नहीं था। काम पूरा करने के लिए टीचर ने कहा था।
उन्होंने क्लास के सारे छात्रों की पिटाई की थी लेकिन उसे सबसे अधिक पीटा। छात्र के पिता ने बताया उसका बेटा पिटाई के बाद से खौफजदा है। वह ठीक से बातचीत नहीं कर पा रहा है। उसने खाना भी नहीं खाया है। प्रिंसिपल ने बताया शिकायत पर घटना की जांच की जा रही है। दोषी साबित होने पर वह शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
-----------