शिक्षामित्रों को रेलवे ट्रैक पर जाने से रोकने के चक्कर में एक सिपाही ने बर्बरता अख्तियार कर ली। उसने एक महिला शिक्षामित्र को लात मार दी। इसी से आंदोलनकारियों में और उबाल आ गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान यही सिपाही शिक्षामित्रों के निशाने पर रहा।
नहर कालोनी से हजारों शिक्षामित्र रेलवे ट्रैक पर जाने के लिए गेट पर पहुंचे थे। गाजीपुर एसओ संजय सिंह, हुसैनगंज एसओ बलराम सिंह, एसआई हरिहरगंज और कुछ सिपाही मौके पर थे। उन लोगों ने भीड़ रोकने की कोशिश की लेकिन शिक्षामित्र थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
इसी दौरान सादी वर्दी में तैनात सिपाही आंसू गैस छोड़ने वाली गन लेकर खड़ा था। उसने एक महिला शिक्षामित्र के पेट के नीचे लात मारकर गिरा दिया। यह देख शिक्षामित्र बेकाबू हो गए। शिक्षामित्रों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया।
बवाल की जड़ बने सिपाही के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई भी नहीं की गई है। घटना के दौरान सिपाही को देखकर बार-बार शिक्षामित्र उत्तेजित होते रहे। कई बार सिपाही को निशाने में लेने की कोशिश करते रहे। चौकन्ना सिपाही हर बार अपने को बचाता रहा।