फतेहपुर। भ्रष्टाचार के आरोपी जिला आबकारी अधिकारी सुरेश कुशवाहा को शासन के निर्देश पर डीएम ने बुधवार को निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराने का आदेश भी दिया है। आबकारी अधिकारी पर रिश्वत लेने का आरोप लगा था।
आबकारी अधिकारी की जुलाई 2021 में तैनाती हुई थी। वह मूलरूप से कुशीनगर के रहने वाले हैं। गोरखपुर में परिवार के साथ रहते हैं। शिकायतकर्ता शिवलाेचन ने डीएम से छह मार्च को रिश्वतखोरी की शिकायत की थी। वीडियो भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किए थे। डीएम सी. इंदुमति ने बताया कि प्रथम दृष्टतया आबकारी अधिकारी सुरेश कुशवाहा को दोषी पाया गया है। मामले की जांच आख्या प्रयागराज आबकारी आयुक्त को भेजी गई है।
शासन के आदेश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। विभागीय व अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संयुक्त आबकारी आयुक्त वाराणसी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया है। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमे का आदेश रात तक आ सकता है। आदेश का पालन किया जाएगा।