फतेहपुर। शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली जीटी रोड का चौड़ीकरण तो हो गया, लेकिन शहरवासी अब भी उसी पुराने जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। करीब 41 करोड़ की धनराशि खर्च कर नउवाबाग हाईवे से लोधीगंज हाईवे तक पांच किमी सड़क चौड़ी की गई, लेकिन इसका लाभ राहगीरों को नहीं मिल रहा। इसका कारण चौड़ी हुई सड़क अब पार्किंग जोन व दुकानदारों का ठिकाना बना हुआ है।
शहर के नउवाबाग हाईवे से लोधीगंज तक चार से पांच फीट फुटपाथ को पक्की सड़क में परिवर्तित किया गया। पक्की सड़क पर हर दिन राजकीय पुस्तकालय से लेकर ज्वालागंज तक दोनों ओर वाहन खड़े रहते हैं। राजकीय इंटर कॉलेज के सामने टेंपो स्टैंड, जिला अस्पताल के पास निजी एंबुलेंसों की कतार और रजिस्ट्री ऑफिस के सामने बाइक व चारपहिया वाहनों की लंबी लाइन यातायात को बाधित करती है। स्थिति यह है कि कभी-कभी जाम में फंसी एंबुलेंस भी देर तक नहीं निकल पाती। इसके साथ सदर चौराहे से ज्वालागंज तक अधिकतर दुकानदारों ने भी गैरेज से लगाकर अन्य सामान सड़क पर ही फैला दिए है। इस कारण आए दिन राहगीरों व दुकानदारों के बीच नोकझोंक भी होती है।