पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को हंसवा,
भिटौरा और हथगाम ब्लाक के प्रधान और सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल हुए।
तीनों विकास खंडों में कड़ी सुरक्षा के बीच प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।
नामांकन प्रक्रिया देर शाम तक चली। तीनों विकास खंडों के अंतर्गत प्रधान
पद के 214 पदों के सापेक्ष 1388 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। तीनों
ब्लाकों के 3227 सदस्य पदों के सापेक्ष 730 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।
यह नामांकन प्रक्रिया सोमवार को भी होगी जो प्रत्याशी रह गए हैं वह
नामांकन करा सकेंगे।
भिटौरा विकास खंड के अंतर्गत 81 प्रधान पद के लिए
541 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। इसके अलावा 914 नामांकन पत्रों की
बिक्री की गई। इसी प्रकार 1215 सदस्य पद के लिए 305 नामांकन हुए और 992
नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
यहां सुबह से ही प्रत्याशी प्रस्तावकों और
समर्थकों के साथ पहुंचे लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रत्याशी और
प्रस्तावक ही गेट के अंदर प्रवेश पा सके।
इसी प्रकार हथगाम विकास खंड के
अंतर्गत 75 प्रधान पद के लिए 401 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। साथ ही 53
नामांकन पत्र खरीदे गए।
इसी प्रकार 1250 सदस्य पद के लिए 227 प्रत्याशियों
ने नामांकन कराया और 208 पत्रों की बिक्री की गई। प्रत्याशियों के साथ
समर्थकों का रेला ऐसा रहा कि ब्लाक परिसर में मेले जैसा नजारा रहा।
सुरक्षा
व्यवस्था संभाले वर्दीधारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एसडीएम खागा
बलराम सिंह ने पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया का जायजा लिया और आरओ व एआरओ को
दिशा निर्देश दिए।
आरओ डा. प्रभाकर द्विवेदी ने बताया कि व्यवस्था दुरुस्त
रही सोमवार को भी नामांकन होंगे। इसी प्रकार हसवा विकास खंड में 58 प्रधान
पद के सापेक्ष 446 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया जबकि 742 पर्चों की
बिक्री हुई।
इसी प्रकार 762 सदस्य पदों के सापेक्ष 198 नामांकन हुए जबकि
741 पर्चों की बिक्री हुई। बीडीओ राजीव गुप्ता ने बताया कि जो प्रत्याशी रह
गए हैं वह सोमवार को नामांकन करा सकते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के चलते
ब्लाक परिसर में बैरीकेडिंग की व्यवस्था है।