फतेहपुर। निसंतान महिला ने बुधवार को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने ससुरालियों पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मृतका के पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी बच्छराज की बेटी निर्मला देवी (26) की शादी 2013 में जाफरगंज थाना क्षेत्र के मौहारी गांव निवासी मंजीत सिंह के साथ हुई थी।
बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर निर्मला देवी का ससुरालीजनों से विवाद हो गया। इसके बाद उसने आग लगा ली। ससुरालीजनों ने झुलसी हालत में निर्मला को नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
जहां हालत नाजुक देखकर डाक्टर ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में देर रात उसकी इलाज दौरान मौत हो गई। परिजन गुरुवार को शव लेकर थाने पहुंचे। बेटी की मृत्यु की सूचना पर पहुंचे पिता बच्छराज ने आरोप लगाया कि शादी के 7 साल बीत जाने के बाद भी बेटी को बच्चे नहीं हो रहे थे।
इस बात को लेकर ससुराली अक्सर बेटी के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते थे। ससुरालीजनों की प्रताड़ना से तंग आकर बेटी ने आग लगा ली। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति मंजीत, ससुर मान सिंह, सास आरती, चचेरे ससुर ज्ञान सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।