फतेहपुर। सपा ने ब्लाक प्रमुख पद के होने वाले चुनावों में गड़बड़ी की आशंका जताई है। शुक्रवार को सपाइयों ने कलक्ट्रेट पहुंच कर डीएम को पांच सूत्री ज्ञापन दिया और निष्पक्ष, पारदर्शी ढंग से मतदान कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि हस्ताक्षर बनाने वाले मतदाताओं को सहायक कतई प्रदान न किए जाएं। उन्हें स्वयं मतदान करने के निर्देश जारी किए जाएं। अंगूठा निशान लगाकर नामांकन दाखिल करने वाले मतदाताओं को ही सहायक के रूप में सिर्फ परिवार का सदस्य अधिकृत किया जाए। मतदान और मतगणना सीसीटीवी कैमरे की
निगरानी में हो। बाहर पुलिस के बजाय पीएसी तैनात की जाए। सत्ता में मजबूत दखल रखने वालों को परिसर से दूर रखा जाए। ज्ञापन में फर्जी मतदान की आशंका जाहिर की गई है और इसे रोकने के सुझाव सुझाए हैं। ज्ञापन देने में सपा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष जगदीश सिंह उर्फ जालिम सिंह, सपा जिला उपाध्यक्ष अरुणेश पांडेय शामिल रहे।