खागा। ओवरलोडिंग के कारण कस्बे में बिजली की जमकर कटौती हुई। हर 10 से 15 मिनट में बिजली ट्रिप करती रही। कुछ जगहों पर तार भी टूटकर गिरे। बिजली की दिन भर हुई कटौती से लोग परेशान हो उठे। मंगलवार शाम नौबस्ता रोड रावण मैदान का ट्रांसफार्मर फुंकने से भी बिजली गुल रही।
खागा उपकेंद्र से करीब 10 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं। इन उपभोक्ताओं को खागा तहसील, विजय नगर, हनुमान मंदिर, जीटी रोड व नई बाजार फीडर के जरिए बिजली आपूर्ति की जा रही है। बरसात होने के बाद बिजली विभाग कस्बे में होने वाली ट्रिपिंग को नियंत्रित नहीं कर पा रहा है। बुधवार को हर 10 से 15 मिनट के अंदर कहीं न कहीं
फाल्ट होते रहे। इससे बिजली उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। इसमें सबसे अधिक प्रभावित जीटी रोड और हनुमान मंदिर फीडर रहे। जीटी रोड फीडर का ट्रांसफार्मर भी दो दिन पहले फुंक चुका है। जबकि हनुमान मंदिर में सबसे अधिक शिकायतें तार टूटने व फेस कटने की आईं। इसी क्रम में खागा तहसील फीडर में भी जबरदस्त फाल्ट हुए। किस्तों में मिल रही बिजली को लेकर उपभोक्ताओं में खासी नाराजगी है।
खागा कस्बे के नौबस्ता रोड रावण मैदान के पास रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर मंगलवार की शाम दो बार बिगड़ने के बाद फुंक गया। इस कारण नौबस्ता रोड, बस स्टैंड के आसपास रहने वाले उपभोक्ताओं को रातभर गर्मी में बिलबिलाना पड़ा। सुबह उन्हें पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ा। जेई श्याम सुंदर ने बताया कि बुधवार की शाम तक ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।
हनुमान मंदिर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को आए दिन तार टूटने व फेस कटने की समस्या झेलनी पड़ रही है। यहां पर जनहितकारी इंटर कॉलेज के पास आए दिन तार टूटकर लटक जाते हैं, जिसे जोड़ने में दो-दो घंटे की कटौती करनी पड़ती है। इसके साथ ही फेस कटने की शिकायतें यहां बड़े पैमाने पर हैं।
बिजली विभाग में गर्मी और बरसात शुरू होने से पहले ट्रांसफार्मर, बिजली की तारों की चेकिंग का नियम है। जिससे यह पता चल सके कि कोई उपकरण जर्जर तो नहीं हो चुका है। जिससे दुरुस्त किया जा सके। इस चेकिंग के नाम पर यहां के कर्मचारी सिर्फ लापरवाही करते हैं और जब फाल्ट होना शुरू होते हैं तो यह बताते हैं कि तारें जर्जर हैं और उपकरण बदलने लायक। इससे जो काम कम बजट में हो सकता था, उसके लिए विभाग को पूरा ट्रांसफार्मर ही बदलना पड़ जाता है। जिससे सरकार व उपभोक्ताओं का नुकसान होता है।
कस्बे में ट्रिपिंग की समस्या ओवरलोडिंग के चलते हो रही है। अधिक लोड होने के कारण ही फाल्ट शुरू हो जाते हैं और इन्हें दुरुस्त करने में समय लगता है। इसलिए उपभोक्ताओं को दिक्कत उठानी पड़ती है। ओवरलोडिंग को नियंत्रित करने के लिए बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलते हैं।
- श्याम सुंदर, जेई, खागा उपकेंद्र।