शांतीनगर में बारिश व हवा से टूटा बिजली का खंभा।
- फोटो : amarujala
शहर के शांतीनगर मोहल्ले में बिजली का पोल गिरने से 24 घंटे से बिजली गुल है। लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। मोहल्ले के लोगों की शिकायत के बाद भी आपूर्ति चालू नहीं की जा सकी। विभाग की उदासीनता से लोगों में नाराजगी है।
शांतीनगर मोहल्ले में तीन महीने पहले निष्प्रयोज्य बिजली का पोल गिर गया था। इससे मार्ग बाधित हो गया था। मोहल्ले के लोगों ने पोल को किनारे कर रास्ता खुलवाया था। सोमवार की शाम बारिश और हवा से यहां लगा दूसरा पोल गिर गया। इससे विद्युत सप्लाई बाधित हो गई। लोगों का कहना है कि सप्लाई बाधित न होती तो दुर्घटना हो सकती थी।
शांतीनगर हाईवे से उपकेंद्र तक की इस लाइन के टूटने से अयोध्या कुटी, नईबस्ती के घरों की आपूर्ति ठप है। मोहल्ले के शिक्षक अवधेश साहू का कहना है कि 24 घंटे से बिजली नहीं आई है। लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। शिकायत पर कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा। राजेश सोनी का कहना है कि उपकेंद्र का फोन नहीं उठता है। गृहणी नीतू देवी का कहना है कि पुराने पोलाें को बदला नहीं जा रहा है। बिजली न आने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। एसडीओ विनय सिंह का कहना है कि जानकारी मिली है। जल्द समस्या दूर की जाएगी।