खेत में किशोरी पर गिरा बिजली का तार मौत, हंगामा\n - सड़क जाम करने की कोशिश, समझाने पर माने \n- जेई के खिलाफ लोगों में रहा गुस्सा, नारे भी लगे \n\nसंवाद न्यूज़ एजेंसी\n\n प्रेमनगर(फतेहपुर)। खेत में काम कर रही 14 साल की किशोरी पर शनिवार सुबह हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। तार में करंट होने से उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों व लोगों ने जेई के खिलाफ खूब गुस्सा निकाला और सड़क जाम करने की कोशिश की। बाद में लोगों के समझाने पर प्रदर्शन बंद किया।मामला सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के चंदू बाबा की अड़ार हार के पास खेत का है। \n\n\nथाना क्षेत्र के ही बढ़ईयापर मजरे कोडारवर गांव निवासी किसान ननका की बेटी नीता (14) खेत पर कामकाज करने गई थी। पिता पास के सबमर्सिबल के पास थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजरा बिजली का तार टूटकर नीता के ऊपर गिर गया। इससे वह झुलस गई और मौत हो गई। काफी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 ने थाने को अवगत कराया। इसके बाद थाने की पुलिस, खागा उपजिलाधिकारी रामशंकर तिवारी व सीओ अंशुमान मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ही मौजूदगी में जमीन में पड़ी तार से ही एक महिला को और करंट लग गया। नाराज लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की लेकिन लोगों के समझाने पर शांत हो गए। ग्रामीणों ने जेई सत्य नारायण पर खूब आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की घोर लापरवाही से यह हादसा हुआ है। एक खंभे से दूसरे खंभे की बीच आधी तार अर्थिंग (लोहा) की व आधे में लगभग 10 जोड़ थे। कहा कि अफोई गांव से लेकर प्रेमनगर तक तारों का यही हाल है। थाना प्रभारी एके मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। \n\n----------- इनसेट- \n\nएक और महिला को लगा करंट, भर्ती प्रेमनगर। इसी भीड़ में मौजूद करन पटेल की पत्नी फूलकली का पैर टूटे तार पर पड़ गया। वह छिटक कर दूर जा गिरी। इससे जुटे लोगों में हड़कंप मच गया। पर बाद में पता चला की तार में हादसे के बाद बिजली प्रवाहित नहीं हो रहा था बल्कि फूलकली को हवाई करंट लगा। फूलकली का सीएचसी हथगाम में इलाज हो रहा है। किसान ननका दो बीघा खेत व बटाई पर किसानी करते थे। ---
खेत में टूटा पड़ा तार और जुटी भीड़
- फोटो : AMAR UJALA
खेत में टूटा पड़ा तार और जुटी भीड़