फतेहपुर। हाईकोर्ट के आदेश पर खागा तहसील के विजयीपुर में विद्युतीकरण का काम शुरू हो गया है। 8.21 लाख रुपये से उत्तरी विजयीपुर का विद्युतीकरण कराया जाएगा। इसमें 38 खंभे लगेंगे और गांव किनारे 25 केवीए के लगे ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़े जाएंगे।
पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से वित्तीय वर्ष 2017-18 में विजयीपुर का विद्युतीकरण कराने की मंजूरी हुई थी। विद्युत विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से कार्यदायी संस्था ने एचटी लाइन बिछाकर गांव किनारे ट्रांसफार्मर से जोड़ दी और फिर काम को बंद कर दिया।
कार्यदायी संस्था ने गांव में एलटी लाइन बिछाने के लिए खंभे तक नहीं लगाए। इसे लेकर परास्नातक छात्र अर्जुन कुमार और इं. रावेंद्र कुमार ने पहले विद्युत विभाग में शिकायत दर्ज कराई, जब वहां सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने 23 फरवरी को हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल की।
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद गांव के अधूरे विद्युतीकरण को पूरा कराने के निर्देश 16 मार्च को दिए। हाईकोर्ट के आदेश पर खंभे लगाने का काम शुरू हो गया है। मुख्य अभियंता प्रयागराज विनोद कुमार गंगवार ने कहा कि 38 खंभे लगाए जाने हैं। अधिशासी अभियंता को टीम भेज कर काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द काम पूरा कराया जाएगा।