हसवा। ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन को लेकर ब्लाक में खासी गहमागहमी रही। इस दौरान कई लोगों ने नामांकन पत्र न जमा करने का आरोप लगा नाराजगी जताई। कर्मचारियों व ग्रामीणों में नोकझोंक भी हुई।
हसवा विकास खंड के सनगांव के तकदीरुन, राजेंद्र, शिवकुमार, कुसमा देवी, सुरजी देवी ने आरोप लगाया कि जान बूझकर ब्लाक में नामांकन पत्र नहीं जमा किया जा रहा है। ग्रामीणों के साथ आए रामनरेश यादव ने बीडीओ प्रवीणानंद से मिलकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लाक कर्मचारी अपने चहेतों को निर्विरोध सदस्य बनाना चाहते हैं। वहीं बीडीओ प्रवीणानंद का कहना है कि ग्राम पंचायत सदस्य के लिए जो नामांकन जमा करने आए हैं, एक कर्मचारी लगाकर सभी के नामांकन जमा कराए गए हैं। ग्रामीणों के आरोप बेबुनियाद हैं।