बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के हरियापुर गांव में मंगलवार रात 58 वर्षीय रामसखी देवी की मौत हो गई। छोटे बेटे विकास के मुताबिक, खाना खाने के बाद उन्हें पेट दर्द और उल्टी हुई थी। मुंह से झाग निकलने पर उन्हें शहर के एक नर्सिंग होम ले गए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी स्व. जियालाल की पत्नी रामसखी अपने दूसरे बेटे विकास के साथ रहती थीं। बड़े बेटे उमेश ने आरोप लगाया कि मां का विकास की पत्नी से विवाद होता था और उन्हें आशंका है कि मां को जहरीला पदार्थ दिया गया। वहीं विकास ने इन आरोपों से इन्कार किया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।