फोटो-08-कलक्ट्रेट परिसर में शिकायत के लिए खड़ा रामचंद्र सिंह। स्रोत: स्वयं
फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के पलिया बुजुर्ग गांव निवासी बुजुर्ग ने जमीन पर कब्जे और निर्माण के मामले में सुनवाई न होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रामचंद्र सिंह (60) ने बताया कि पिता और चाचा के बीच वर्ष 1961 में घर और जमीन का बंटवारा हुआ था। लेखपाल की मौजूदगी में सभी को उनके हिस्से दिए गए थे। आरोप है कि वर्ष 2018 में गांव के एक व्यक्ति ने पहले चरही तोड़ी और फिर जबरन दरवाजा लगा लिया। इस संबंध में पुलिस की मौजूदगी में तीन बार लिखित समझौता हुआ।
इसके बावजूद उनके घर के सामने की जमीन पर निर्माण शुरू करा दिया गया। उन्होंने डीएम, एसपी और मुख्यमंत्री के साथ आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।