फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले के सभी 403 माध्यमिक विद्यालयों के संसाधनों का ब्योरा आनलाइन मंगाने के बाद क्रॉस चेकिंग कराई जा रही है।
बोर्ड परीक्षा 2020 से माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण प्रक्रिया में बदलाव कर दिया है। इसके तहत हर विद्यालय को अपने यहां के संसाधनों का ब्योरा आनलाइन अपलोड करने का प्रावधान है।
डाटा में स्कूल की मान्यता का वर्ष, कक्षा व कक्षों की संख्या, साइज, लैब, फर्नीचर, खिड़की, दरवाजों की स्थिति, बाउंड्री, छात्र-छात्राओं के अलग-अलग शौचालयों की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रांग रूम बनाने के लिए लोहे के दरवाजे वाला कक्ष, लोहे की डबल लॉक वाली आलमारी, पक्का पहुंच मार्ग शामिल हैं।
सभी मानक पूरे करने वाले विद्यालयों को ही आनलाइन परीक्षा केंद्र बनाने का प्रावधान है। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद से अभी तक केंद्र निर्धारण से संबंधित कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।
पहले वह केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पूरी करा लेंगे, जिससे निर्देश प्राप्त होते ही बिना किसी विलंब मानक पूरे करने वाले विद्यालयों की सूची बोर्ड को अग्रसारित कर दी जाए। (संवाद)