फतेहपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय 333 दिन बाद खोल दिए गए। पहले दिन सोमवार को ऐरायां को छोड़कर अन्य सभी नौ विद्यालयों में सिर्फ कक्षा आठ की छात्राएं बुलाएं गईं। पहले दिन 20 फीसदी छात्राएं ही स्कूल पहुंची। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद छात्राओं को स्कूलों में प्रवेश दिया गया। शिक्षकों ने तिलक लगाने के साथ छात्राओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उधर, पहले दिन राज्य महिला आयोग की सदस्य नीता साहू ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय तेलियानी की व्यवस्थाएं देखीं।
जिले में धाता, हथगाम, ऐरायां, विजयीपुर, असोथर, हसवा, बहुआ, तेलियानी, मलवां, भिटौरा में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं। लॉकडाउन के कारण 25 मार्च को यह स्कूल बंद कर दिए गए थे। जुलाई से स्कूल तो खोल दिए गए थे, लेकिन छात्राओं को स्कूल नहीं बुलाया गया था। शासन के निर्देश पर 333 दिन बाद सोमवार को सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खोल दिए गए हैं। पहले दिन ऐरायां के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में कक्षा छह, सात और आठ तीनों कक्षाओं की छात्राओं को बुलाया गया।
अन्य सभी कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में सिर्फ कक्षा आठ की छात्राएं बुलाई गई हैं। छात्राओं को अभिभावकों का सहमति पत्र लेकर आने के लिए कहा गया है। प्रत्येक विद्यालय में 100 छात्राएं पंजीकृत हैं। पहले दिन शाम तक छात्राओं के आने का सिलसिला जारी रहा। सिर्फ 20 छात्राएं ही स्कूल पहुंची हैं।
जिला समन्वयक बालिका शिक्षा विवेक शुक्ला ने बताया कि पूरे विद्यालय की साफ सफाई के साथ दवा का छिड़काव कराया गया है। गेट पर हाथ धोने की व्यवस्था के साथ सैनिटाइजर रखा गया है। सभी स्कूलों में राशन की आपूर्ति कर दी गई है। तीन दिन के भीतर सभी कक्षाओं की छात्राएं बुला ली जाएंगी।