फतेहपुर। कृषि विभाग की टीम ने जिले में अभियान चलाकर खाद, बीज और कीटनाशक दुकानों का निरीक्षण किया। अलग-अलग ब्लाकों की 58 दुुकानों से 18 नमूने लिए गए और एक दुुकानदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह परिहार ने शहर के पक्का तालाब, राधानगर और बहुआ ब्लाक की दुकानों का निरीक्षण कर खाद के दो नमूने लिए। जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह ने मलवां और भिटौरा ब्लाक में खाद, बीज की दुकानों का निरक्षण किया। ई-पॉस मशीन से दुकानों के स्टाक का मिलान कराया गया। इन्होंने चार नमूने लिए।
दुकानदारों को निर्देश दिए कि किसान से आधार कार्ड लेकर ई-पॉस मशीन से ही बिक्री करें। जिला कृषि रक्षा अधिकारी सतेंद्र सिंह ने विजयीपुर, धाता ब्लाक में खाद की दुकानों को देखा। तीन दुकानों से कीटनाशक व खाद के नमूने लिए। भूमि संरक्षण अधिकारी जलागम आरपी कुशवाहा ने हसवा और असोथर ब्लाक में निरीक्षण किया।
हसवा के केशरवानी ट्रेडर्स छापेमारी की सूचना मिलने पर दुकान बंद करके भाग निकला। उसको कारण बताओ नोटिस दी गई है। पांच दुुकानों से कीटनाशक व खाद का नमूना लिया गया। भूमि संरक्षण अधिकारी ईईसी बबलू कुमार ने खागा और ऐरायां ब्लाक में खाद की दुकानों का निरीक्षण किया। दो नमूने लिए और दुकानदारों को ई-पास
मशीन से खाद बेचने के निर्देश दिए। बिंदकी एसडीओ ने अमौली, खजुहा और देवमई ब्लाक की दुकानों का निरीक्षण करके दो नमूने लिए। जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि निरीक्षण में लिए गए नमूनें जांच को भेजे जाएंगे। खाद, बीज और कीटनाशक में अनियमितता पाए जाने पर दुुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।