फतेहपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार फिर भाजपा और सपा आमने-सामने है। शनिवार को दोनों पार्टी के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है जबकि कांग्रेस व बसपा ने प्रत्याशी नहीं उतारे और निर्दलियों ने भी नामांकन नहीं कराया है। दोपहर तीन बजे बाद पर्चों की जांच में दोनों प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए। निर्विरोध चुनाव के लिए 29 जून को पर्चा वापसी का एक और मौका है।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने सबसे पहले पर्चा दाखिल किया। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा दुबे के समक्ष अलग-अलग तीन सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया, सभी पर्चों में प्रस्ताव व अनुमोदक अलग-अलग रहे। उधर, सपा की समर्थक प्रत्याशी संगीता राज पासी ने दो अलग-अलग सेटों
में पर्चा भरा है, जिसमें प्रस्तावक व अनुमोदक अलग-अलग रहे। दोनों ही दलों ने नामांकन में खूब दमखम दिखाया। भाजपा प्रत्याशी का जुलूस भाजपा कार्यालय से खाद्य एवं रसद मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह के नेतृत्व में कलक्ट्रेट तक पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोली-चंदन का टीका लगाकर कार्यालय से रवाना किया। इस
मौके पर केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, कारागार राज्य मंत्री जयकुमार जैकी, विधायक विकास गुप्ता, विधायक कृष्णा पासवान, भाजपा के जिला प्रभारी प्रकाश शर्मा, जिलाध्यक्ष आशीष मिश्र, पूर्व अध्यक्ष दिनेश बाजपेई, रामप्रताप सिंह गौतम मौजूद रहे। उधर, सपा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव के नेतृत्व में नामांकन के लिए पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट पहुंचे। सपा प्रत्याशी के नामांकन में पूर्व विधायक मदन गोपाल वर्मा, पूर्व सांसद अशोक पटेल, चेयरमैन प्रतिनिधि हाजीरजा, जिला बार अध्यक्ष जगदीश सिंह उर्फ जालिम सिंह, रीता प्रजापति, केतकी यादव, मो. सफीर, मोईन खान, अरुणेश पांडेय, सतीश राज सिंह मौजूद रहे।
......
जिला पंचायत अध्यक्ष के नामांकन में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी लगाए गए। विकास भवन के मुख्य गेट से कलक्ट्रेट के मुख्य गेट तक जुलूस अंदर आने दिया गया, लेकिन कलक्ट्रेट कैंपस के अंदर अनुमोदक, प्रस्तावक और प्रत्याशी ही अंदर जा सके। पुलिस ने अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं को रोक दिया।