तांबेश्वर मंदिर परिसर में जुटी भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर। ओम नम: शिवाय और हर हर महादेव की गूंज के साथ सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में अधिकाधिक भक्त जुटे। शहर समेत ग्रामीणांचलों में हर जगह भक्ति की बयार चली। गीत-संगीत की धुन में नाचते-गाते कावंरिए तांबेश्वर मंदिर पहुंचे और गगनभेदी जयकारों के बीच भोले बाबा का जलाभिषेक किया।
श्रवण मास के दूसरे सोमवार को शहर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर में भोर पहर से ही तांता शुरू हो गया था। देर रात तक यह क्रम चला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगी। भक्तों ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर बेल पत्र, धतूरा, फूल व दूध चढ़ाए। कांवरियों ने भी भृगुधाम भिटौरा से गंगाजल लाकर शिवजी का जलाभिषेक किया। डीजे की धुन के बीच नाचते गाते हुए कांवरिए बाबा को प्रसन्न करने पहुंचे। इसी प्रकार जीटी रोड स्थित बड़े शिवाला, बांदा सागर रोड स्थित मोटेश्वर महादेव मंदिर, लाला बाजार स्थित मुनी का शिवाला में सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष हाथों में पूजा की थाल लेकर महादेव को प्रसन्न करने पहुंचे। शंख घंटा घड़ियाल के धुन में महादेव की आरती हुई। इसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।