मीडिया से रुबरू डीएम सेल्वा कुमारी जे. और एसपी उमेश कुमार सिंह
- फोटो : अमर उजाला
सीएम योगी के एक्शन का असर जिला प्रशासन पर दिखने लगा है। शुक्रवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे. और एसपी उमेश कुमार सिंह ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। डीएम ने कहा कि सवारी वाहन के लिए एक खाका बन गया है। शहर के भीतर केवल ई-रिक्शा चलेंगे। बाकी के लिए बाहरी रूट है। उन्होंने भरोसा दिया कि अब न तो अतिक्रमण दिखेगा और न जाम।
कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में डीएम ने कहा कि वाहनों के सड़क पर खड़ा होने और दुकानें फुटपाथ तक बढ़ाकर लगाने से समस्या होती है। व्यापारियों का सहयोग लेकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। अब शहर के अंदर केवल ई-रिक्शा की सवारी होगी। शांतिनगर और आबूनगर में वाहन स्टैंड चुना गया है।
यहीं से मैजिक, विक्रम व बस सवारी भरेंगे और यहीं उतारेंगे। बीच में आने पर तुंरत सीज कर दिया जाएगा। डीएम ने कहा कि गांवों में डुग्गी पिटवाकर योजनाओं को बताया जाएगा। पिछले वित्तीय वर्ष की अपेक्षा इस बार 10 से 15 प्रतिशत टारगेट बढ़ सकता है। प्रयास होगा कि हर गांव में कम से कम 15-15 प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दें। जिले में ढाई लाख टायलेट बनने चाहिए। फिलहाल यह टारगेट 13 हजार का है। दूसरी ओर एसपी उमेश कुमार सिंह ने एंटी रोमियो टीम बेवजह किसी को परेशान नहीं करेगी। इसमें यूपी-100 की मदद ली जाएगी। लड़कियों के स्कूल, महिलाओं की भीड़ वाले बाजार, चाय-पान की दुकानों पर जमघट लगाने वाले शोहदों को बख्शा नहीं जाएगा।