बाकरगंज स्थित भैसा बाजार में पसरा सन्नाटा
- फोटो : अमर उजाला
बूचड़खानों व मीट दुकानों पर शासन स्तर से शिकंजा कसने का असर शुक्रवार को शहर स्थित बेकनगंज मवेशी मंडी मेें भी दिखा। अरसे से बाकरगंज इलाके में हर हफ्ते लगने वाले भैंसा बाजार में शुक्रवार को पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। न स्थानीय लोग खरीदफरोख्त को आगे आए और न ही गैर जनपद के ही लोग। बाजार के समय लखनऊ रोड पर जाम का झाम भी नहीं दिखा।
शहर के बाकरगंज इलाके में भैंसों की खरीद-फरोख्त के लिए बाजार लगती रही है। हरेक शुक्रवार को यहां कम से कम 700 से 800 मवेशियों की खरीद-फरोख्त होती रही है। उन्नाव, रायबरेली, कौशांबी और इलाहाबाद से व्यापारी आते रहे हैं।
योगी सरकार की प्रदेश भर में अवैध स्लाटर हाउस बंद कराने की चल रही कवायद ने इस बाजार को तगड़ा झटका दिया। हालात यह रहे कि सुबह से लेकर देर दोपहर तक सजने वाली भैंसा मंडी में एक भी मवेशी की खरीद-फरोख्त नहीं हुई। इससे जहां मंडी के बाहर खानपान की दुकान चलाने वाले सन्नाटे में बैठे रहे, लेकिन राहगीर और वाहन चालकों को काफी राहत मिली। जाम से कराहने वाली इस रोड पर लोग फर्राटा भरते रहे।