अमौली (फतेहपुर)। चांदपुर थानाक्षेत्र के बेहटी मोड़ पर मंगलवार रात चोरों ने एक दुकान से हजारों का माल और नगदी चुरा लिया। सूचना पर पुलिस जांच को पहुंची। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
रनूपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान श्रीकांत उत्तम की अमौली बेहटी मोड़ पर हार्डवेयर व मशीनरी स्टोर की दुकान है। वह बुधवार सुबह दुकान से हिसाब के कुछ कागजात लेने पहुंचे। दुकान का अंदर माल बिखरा देखकर होश उड़ गए। दुकान की छत पर रोशनदान से साड़ी लटकी हुई थी। दुकानदार ने बताया कि चोर साड़ी के सहारे उतरे। गोलक में रखे ढाई हजार रुपये, सबमर्सिबल पंप की दो मोटर, रस्सी का बंडल, पानी पाइप, सोलर पैनल बैटरी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। एक साल पहले भी दुकान में चोरी हो चुकी है। पीड़ित ने 112 नंबर में पुलिस को सूचना दी। अमौली चौकी पुलिस जांच को पहुंची। एसओ केशव वर्मा ने बताया कि घटना की जांच की गई है। रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जाएगी।