चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के जैतीखेड़ा गांव में घरेलू कलह से तंग आकर राजमिस्त्री ने फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जैतीखेड़ा गांव निवासी राजू पासवान (38) पुत्र राजबहादुर राजमिस्त्री थे। रोज की तरह वह काम से लौटकर घर आए थे। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे घरेलू कलह के चलते उन्होंने घर के एक कमरे में छत के कुंडे से रस्सी का फंदा बनाकर जान दे दी। पत्नी नीतू किसी काम से कमरे के अंदर गईं तो पति का शव लटकता देख सन्न रह गईं।
शोर मचाने पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए। परिजन और ग्रामीणों ने फंदे से शव उतारा। नीतू ने बताया कि पति रोज की तरह ही काम से घर लौटे थे। थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है।