खागा एसवीएम इंटर कालेज में टैफिक नियमों की जानकारी देते इंस्पेक्टर आरके सिंह
- फोटो : FATEHPUR
खागा(फतेहपुर)। कोरोना से ज्यादा सड़क हादसों में मौत होने का उदाहरण देते हुए बुधवार को पुलिस ने छात्र व छात्राओं को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि किन कारणों के चलते हादसे होते हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है।
खागा स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज में यातायात नवंबर माह के तहत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें सीओ खागा अंशुमान मिश्र व इंस्पेक्टर खागा आरके सिंह शामिल हुए। कालेज प्रधानाचार्य राजकपूर सिंह ने सभी का स्वागत किया। इंस्पेक्टर खागा आरके सिंह ने छात्र व छात्राओं को बताया कि अधिकांश हादसे नशे में ड्राइविंग करने से, गाड़ी चलाने के दौरान नींद आने, ओवर स्पीड और वाहन चलाते समय पर फोन पर बात करने के कारण हो रहे हैं। इसलिए दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें और मोबाइल या फिर ईयरफोन का प्रयोग गाड़ी चलाते समय न करें।
इसी क्रम में सीओ खागा ने बताया कि हर छात्र या छात्रा गाड़ी चलाने से पहले यह तय करें कि उसकी उम्र 18 साल है या नहीं। नियमानुसार 18 साल से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं चलाना चाहिए। वाहन चलाने से पहले ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करें और फिर नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं। जिससे कोई भी हादसे का शिकार न हो। इसी तरह से प्रधानाचार्य राजकपूर सिंह ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी।