बीएसए कार्यालय का निरीक्षण करते डीएम, साथ में एडीएम।
- फोटो : amar ujala
डीएम कुमार प्रशांत ने बुधवार को बीएसए कार्यालय के अंदर पहुंचकर गेट बंदा करवा दिया फिर निरीक्षण किया। बेसिक के शिक्षामित्रों का मानदेय अनियमित होने पर दो बीईओ का वेतन रोकने के आदेश दिए। निरीक्षण में संबंधित पत्रवलियां न पेश कर पाने पर सभी लिपिकों से स्पष्टीकरण मांगा है। बाहर दुकानों में चाय नाश्ता कर रहे कर्मचारी बाउंड्री फांदकर कार्यालय में पहुंचे।
डीएम कुमार प्रशांत और एडीएम जेपी गुप्ता दोपहर दो बजे बीएसए कार्यालय पहुंचे। सबसे पहले शिक्षक नियुक्ति पटल प्रभारी कक्ष पहुंचे। कक्ष के बाहर शैक्षिक अभिलेख लेने वालों की भीड़ देख डीएम ने पूछताछ की। लिपिक ने अपने पटल का कोई भी काम पेंडिंग न होने की बात कही। इसके विपरीत अभ्यर्थियों ने कई दिन से अभिलेख लेने के लिए चक्कर लगाने की जानकारी दी।
इस पर डीएम भड़क गए और लिपिक को फटकार लगाई। कार्यालय में बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद नहीं थे। बीएसए के पहुंचने पर डीएम ने स्टेनो कक्ष का निरीक्षण किया। स्टेनो के कार्य से डीएम असंतुष्ट दिखे। कई बार उन्होंने स्टेनों को डांटा भी। बीएसए को अधीनस्थों को सुधारने की चेतवानी दी। एमडीएम कक्ष में डीएम ने कंप्यूटर में लोड डाटा का निरीक्षण किया। इसके बाद डीसी एमडीएम आशीष दीक्षित से स्कूलों की निरीक्षण आख्या मांगी तो वे सही जवाब नहीं दे सके। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। बेसिक के लेखाधिकारी कार्यालय में शिक्षामित्रों के मानदेय से संबंधित रिकार्ड देखा।
बेसिक के कुछ शिक्षामित्रों का दिसंबर तक मानदेय भुगतान है तो कुछ को अभी तक सितंबर का मानदेय नहीं मिला है। ऐसे में बीईओ तेलियानी और देवमई का वेतन रोकने के आदेश दिए। डीएम ने बताया कि बेसिक के लिपिकों की लापरवाही साबित हुई है। बीएसए को लिपिकों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों के वेतन निर्धारण का अभियान चलाकर सत्यापन कराने को कहा गया है। मार्च होने के कारण लेखाधिकारी को सभी तरह के बकाये का भुगतान करने को कहा गया है। अगर गलती से किसी को अधिक भुगतान हो जाता है तो बाद में रिकवरी करा ली जाएगी।