फोटो-18-स्वास्थ्य केंद्र की जांच करती जिलाधिकारी व सीएमओ। संवाद
असोथर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर का डीएम ने बुधवार को निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानी। यहां परिसर में फैली गंदगी और हेल्थ एटीएम बंद पाए जाने पर प्रभारी को जमकर फटकार लगाई। साथ ही तीन दिन में सुधार के निर्देश दिए।
डीएम निधि गुप्ता वत्स व सीएमओ डॉ. उदयभान सिंह बुधवार दोपहर 1:45 बजे पीएचसी असोथर पहुंचे। डीएम ने उपस्थित पंजिका, दवा स्टॉक रजिस्टर समेत अभिलेखों की जांच की। परिसर में गंदगी का ढेर देखकर डीएम का पारा चढ़ गया और पीएचसी प्रभारी डॉ. नीरज गुप्ता को फटकार लगाते हुए नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान बंद हेल्थ एटीएम और कक्ष में पंखे की व्यवस्था न होने पर भी तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
डीएम ने चेतावनी दी कि तीन दिनों के भीतर सफाई और व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कर्मचारी को सीएमओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया जाएगा। करीब पौने घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मचारियों की धड़कनें बढ़ी रहीं।
मेडिकल स्टोर व नर्सिंग होम के गिरे शटर
डीएम के निरीक्षण की भनक लगते ही अस्पताल परिसर के आसपास स्थित मेडिकल स्टोर तथा क्षेत्र में संचालित नर्सिंग होम व अवैध क्लीनिकों के संचालक धड़ाधड़ शटर गिराकर मौके से गायब हो गए। गौरतलब है कि डीएम ने जिले में संचालित मानक विहीन अवैध अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं।
फोटो-18-स्वास्थ्य केंद्र की जांच करती जिलाधिकारी व सीएमओ। संवाद