कलक्ट्रेट के एनआईसी में वीडीओ कांफ्रेसिंग में मौजूद जिलाधिकारी संजीव सिंह व अन्य अधिकारी
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। रबी गोष्ठी का ऑनलाइन आयोजन किया गया। प्रदेश भर के सभी जिलों की एकसाथ आयोजित की जा गई गोष्ठी वीडियो कांफ्रेसिंग से हुई। गोष्ठी में प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा ने कृषि संबंधी योजनाओं की समीक्षा की तो जिलाधिकारी संजीव सिंह ने उनके सामने जनपद के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। डीएम ने चार प्रमुख समस्याओं से एपीसी को अवगत कराया।
कृषि गोष्ठी में डीएम ने बिजली की समस्या को देखते हुए किसानों के लिए अलग फीडर, लहसुन-प्याज के प्रचुर मात्रा में उत्पादन को देखते हुए इनके लिए अलग स्टोर बनाए जाने, दलहनों की खरीद के लिए केंद्र बनाए जाने और यमुना कटरी क्षेत्र को बुंदेलखंड के समान पैकेज से आच्छादित किए जाने की मांग रखी।
चारों बिंदुओं पर कृषि उत्पादन आयुक्त ने गहनता से विचार करते हुए शीघ्र ही हल निकालने का आश्वासन दिया। गोष्ठी में पराली जलाने पर प्रभावी रोक लगाने और किसानों को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में सीडीओ सत्य प्रकाश, प्रभारी उपकृषि निदेशक ब्रजेश सिंह और अधीक्षण अभियंता विद्युत आनंद शुक्ल समेत सिंचाई, लघु सिंचाई और नलकूप खंड के अधिकारी मौजूद रहे।