खागा। घर के सामने खड़े डीजे वाहन को हटाने के विवाद पर संचालक और उसके साथियों ने युवकों पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड निवासी अजय कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसके घर के सामने पड़ोसी शिवा मौर्या डीजे संचालक ने डीजे वाहन और जनरेटर खड़ा कर रखा है। भतीजा अभिषेक साथी अरुण गुप्ता के साथ बुधवार को दवा कराने के लिए कार लेकर घर से निकल रहा था।
घर के सामने से डीजे वाहन हटाने को कहने पर संचालक ने गाली गलौज की। विरोध पर संचालक के साथी शिवा मौर्या, रज्जू मौर्य, विराट मौर्य ने चार साथियों के साथ डंडे और धारदार हथियार से भतीजे व अरुण पर हमला किया। इससे दोनों घायल हो गए। कोतवाल आरके पटेल ने बताया कि सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घायलों को अस्पताल भेजा गया है।