फतेहपुर। विकास भवन सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सीडीओ पवन कुमार मीना ने की। 18 नवंबर से 10 दिसंबर तक जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उप्र कौशल विकास मिशन के एमआईएस मैनेजर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकृत युवाओं को डीपीएमयू टीम और अनुदेशकों की ओर से फोन के माध्यम से नियमित जानकारी दी जा रही है।
नौ स्किल में अधिकतम 400 से 478 प्रतिभागियों की भागीदारी को देखते हुए सात अलग-अलग तिथियों में प्रतियोगिता कराने की योजना मिशन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार बनाई गई है। 10 दिसंबर तक सभी 56 स्किल के 2192 प्रतिभागियों की प्रतियोगिता संपन्न कराई जाएगी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विभिन्न ट्रेडों के विशेषज्ञ अनुदेशकों और कार्यदेशकों को शामिल करते हुए जूरी (निर्णायक मंडल) तैयार कर ली गई है। प्रधानाचार्य एवं नोडल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान डाॅ. राज कुमार सिंह ने बताया कि संस्थान में 500 से अधिक प्रशिक्षार्थियों की परीक्षा कराने की क्षमता है।
प्रतियोगिता के पहले चरण में आठ स्किल के 236 प्रतिभागी 18 नवंबर को शामिल होंगे। दूसरे चरण में नौ स्किल के 432 प्रतिभागियों की प्रतियोगिता 20 नवंबर को, तीसरे चरण में नौ स्किल के 435 प्रतिभागियों की 27 नवंबर को और चौथे चरण में नौ स्किल के 478 प्रतिभागियों की प्रतियोगिता 30 नवंबर को होगी।
इसी तरह पांचवें चरण में आठ स्किल के 301 प्रतिभागियों की प्रतियोगिता चार दिसंबर को, छठे चरण में सात स्किल के 115 प्रतिभागियों की सात दिसंबर को और सातवें चरण में सात स्किल के 195 प्रतिभागियों की प्रतियोगिता 10 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। कुकिंग और हेल्थ एवं सोशल केयर दो ऐसे स्किल हैं, जिनकी प्रतियोगिता चौथे चरण में 30 नवंबर को होगी।
इन स्किल के आयोजन के लिए मेडिकल कॉलेज और फूड इंडस्ट्री के सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी। इसके लिए उपायुक्त उद्योग और प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज से समन्वय स्थापित कर सहयोग लिया जाएगा।