फतेहपुर। नगर पालिका की ओर से नालों की सफाई के लिए पोकलैंड मशीन से कार्य कराने का टेंडर किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। इससे पहले सफाई कार्य के लिए भी अलग से टेंडर किया जा चुका है। सभासदों ने इसे अनावश्यक खर्च बताते हुए विरोध दर्ज कराया है और पालिका अध्यक्ष व ईओ से शिकायत की है।
भाजपा सभासद संजय लाला, विनय तिवारी, अतीश पासवान सहित अन्य सभासदों का कहना है कि नगर पालिका की ओर से शहर के पांच प्रमुख नालों की सफाई के लिए 78 लाख रुपये का टेंडर कराया गया है। दूसरी ओर पोकलैंड मशीन खरीद का भी टेंडर चल रहा है। सभासदों ने कहा कि यदि मशीन पहले खरीदी जाती तो 78 लाख रुपये की बचत हो सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशनबाजी के चलते यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष राज कुमार मौर्य ने बताया कि टेंडर की तकनीकी बिड खुल चुकी है और जल्द ही कंपनी को वर्क ऑर्डर दिया जाएगा। पोकलैंड मशीन मिलने में डेढ़ से दो माह का समय लगेगा। इसलिए फिलहाल सफाई कार्य के लिए अलग से टेंडर कराया गया है।
इन प्रमुख नालों की सफाई और सिल्ट निस्तारण कार्य की लागत
जीटी रोड बाईपास से मदारीपुर तक - 16,00,008 रुपये
मियां साहब की तकिया से बेरूईहार तक - 18,59,393 रुपये
गढ़ीवा में पाठशाला की पुलिया के पास से रमवां रोड होते हुए मदारीपुर तक - 21,02,682 रुपये
बांदा सागर रोड से झाऊपुर पुलिया से सईदाबाग होते हुए चौधकियापुर - 17,93,496 रुपये
खलीलनगर में आवास विकास रोड से कूड़ा तालाब होते हुए नवइया तालाब तक - 5,00,767 रुपये