बोर्ड परीक्षा केंद्रों में डीएम का खौफ दिखने लगा है। प्रतिदिन प्रति पाली में बदलकर लेखपालों की ड्यूटी लगने से नकल माफिया परेशान हैं। ऐसी हालत में नकल कराने वालों के चेहरे मायूस होने लगे हैं। उधर, बुधवार को डीआईओएस ने एक और परीक्षा केंद्र को डिबार करने की बोर्ड से सिफारिश की है।
बोर्ड परीक्षा 2016 में लगे अधिकारी चकरघिन्नी बन गए हैं। पूरी परीक्षा में कभी दिखाई न पड़ने वाले सेक्टर मजिस्ट्रेटों के वाहन गांवों व गलियों में परीक्षा केंद्र खोजते घूम रहे हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेटों के घूमने से सचल दलों को खासी राहत है।
बोर्ड परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए डीएम की व्यवस्था नकल कराने वालों के लिए गले की हड्डी बन गई है। एक तरफ रिजल्ट खराब आने पर स्कूलों की छवि खराब होने का भय तो दूसरी तरफ नकल कराते पकड़े जाने पर कार्रवाई की दहशत ने केंद्र व्यवस्थापकों को परेशानियों में डाल दिया है।
बुधवार को पहली पाली में हाईस्कूल संगीत गायन तथा दूसरी पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों में लेखपाल मुस्तैद हो गए। लेखपाल हर कक्ष में जाकर परीक्षा का जायजा लेते देखे गए। ऐसी हालत में बोलकर नकल कराने वाले केंद्रों की परीक्षा खासा प्रभावित हुई।
उधर, डीआईओएस नंदलाल यादव ने बाबा बेनीमाधव इंटर कालेज सरौली के बाद राममनोहर लोहिया हायर सेकेंड्री स्कूल कौंडर परीक्षा केंद्र के खिलाफ बोर्ड को लिखा पढ़ी कर दी। लिखे गए पत्र में केंद्र को डिबार की सूची में शामिल करते हुए भविष्य में केंद्र न बनाए जाने की सिफारिश की गई। केंद्र पर वसूली कर नकल कराने का आरोप है।