बोर्ड परीक्षा में बुधवार को दूसरी पाली में एक परीक्षा केंद्र में दो कक्ष निरीक्षकों के पास से पूरा सॉल्व पेपर पकड़ा गया। इसी तरह एक अन्य केंद्र में फर्जी विषय लिखाकर कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करते विज्ञान शिक्षक पकड़ा गया है। तीनों कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ डीआईओएस ने देर शाम अभियोग दर्ज कराया है।
बुधवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट फिजिक्स विषय की परीक्षा थी। परीक्षा का जायजा लेने पहुंचे एसोसिएट डीआईओएस रामखेलावन के नेतृत्व वाले सचल दल ने गुरगौला इंटर कालेज परीक्षा केंद्र में छात्रा रामादेवी को नकल करते रंगे हाथों पकड़ा।
उधर, बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार के नेतृत्व वाले सचल दल ने बृंदावन इंटर कालेज नवाबगंज में कक्ष निरीक्षक प्रीतेश कुमार और राजू लाल के पास से फिजिक्स का पर्चियों में पूरा सॉल्व पेपर पकड़ा।
उधर, डीआईओएस नंदलाल यादव के नेतृत्व वाले सचल दल ने परीक्षा केंद्र वाहिदपुर सचेंडी में सीपीएस चित्रांश नगर के विज्ञान शिक्षक अजय कुमार को फर्जी विषय दर्ज कराकर फिजिक्स के प्रश्नपत्र की परीक्षा में ड्यूटी करते पकड़ा है। डीआईओएस ने बताया कि तीनों के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया जा रहा है।