प्रदेश के कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने शनिवार को कस्बे के एफसीआई शाखा के क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां पर क्षेत्रीय किसान के बजाय बिचौलिये का धान तौल जा रहा था। उन्हें स्नातक चुनाव की बैठक के दौरान कुछ किसानों ने शिकायत की थी। सच्चाई सामने आने से जैकी ने हॉट निरीक्षक को कड़ी फटकार लगाई।
क्षेत्रीय विधायक व राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी शुक्रवार को कस्बे में स्नातक चुनाव की बैठक कर रहे थे। इसी बीच मोमिनपुर गांव के महेंद्र कुमार मधुरी गांव के राम खिलावन भगानापुर के योगेश पटेल समेत 12 किसानों ने आकर क्रय केंद्र की पोल खोलनी शुरू कर दी। बिचौलियों को वरीयता दी जा रही है।
कटौती का भी खेल चल रहा है। प्रशासन की सख्ती के बावजूद क्रय केंद्र के जिम्मेदारों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। मंत्री ने इन आरोपों को सुनने के बाद क्रय केंद्र का रुख किया तो वहां पर थरियांव कस्बे के एक किसान की खतौनी लिए एक व्यक्ति धान बेचते मिला। यह बात सामने आने पर राज्यमंत्री का पारा चढ़ गया और उन्होंने हॉट निरीक्षक योगेश मिश्रा को फटकारते हुए इस तरह की हरकतों से बाज आने की चेतावनी दी। कहा कि आज के बाद इस तरह की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई होगी।