खागा। मझटेनी गांव स्थित भुइयनरानी देवस्थान पर रविवार अपराह्न पूजन और भंडारा करने पहुंचे मऊ गांव के श्रद्धालुओं को ग्रामीणों ने रोक दिया। काफी श्रद्धालुओं के पहुंचने पर ग्रामीणों को आशंका हुई कि वे देवी की प्रतिमा ले जाने आए हैं।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और नोकझोंक हो गई। महिचा चौकी प्रभारी बंशीधर राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद श्रद्धालु बिना पूजन और भंडारा किए लौट गए।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मऊ गांव निवासी राजबहादुर, महेश, धर्मेंद्र, हुकुम और प्रदीप समेत करीब 300 महिला, पुरुष और बच्चे रविवार दोपहर आठ ट्रैक्टर-ट्रालियों, छह चार पहिया वाहनों और 20-25 बाइकों से मझटेनी स्थित भुइयनरानी देवस्थान पहुंचे थे।
श्रद्धालुओं ने बताया कि उनके गांव की एक महिला को सपने में कुलदेवी के दर्शन हुए थे। इस दौरान मझटेनी स्थित देवस्थान पर पूजन और भंडारा करने का आदेश दिया था। इसी के चलते श्रद्धालु बड़ी संख्या में वहां पहुंचे थे।
इस पर ग्रामीणों को आशंका हुई कि श्रद्धालु देवी की प्रतिमा को अपने साथ ले जाने आए हैं। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और नोकझोंक होने लगी। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति स्पष्ट की। समझाने के बाद मामला शांत हुआ और मऊ गांव से आए श्रद्धालु बिना पूजन-भंडारा किए लौट गए।