बिंदकी। नगर पालिका 99 लाख रुपये से नगर का विकास कराएगी। इसका प्रस्ताव तैयार हो गया है। डीएम से अनुमोदन मिलते ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।
नगर पालिका में तीन महीने से 15वें वित्त की 99 लाख की धनराशि डंप है। इससे सभी 25 वार्डों में विकास कराए जाने हैं। नगर पालिका ने इसका प्रस्ताव तैयार कर एसडीएम कार्यालय भेज दिए हैं। जहां से डीएम के अनुमोदन के लिए भेजे जाएंगे। अनुमोदन होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
नगर पालिका ने 40 लाख की लागत से वाटर लाइन बिछवाने के साथ मरम्मत कराने का प्रस्ताव दिया है। इसके साथ एक मिनी नलकूप लगाया जाना है। कुछ सड़कों की मरम्मत भी शामिल है। इसके अलावा वाटर हार्वेस्टिंग का भी काम होगा।
ईओ नगर पालिका निरुपमा प्रताप ने बताया कि डीएम से अनुमोदन होते ही टेंडर जारी किए जाएंगे। एसडीएम बिंदकी विजय शंकर तिवारी ने बताया कि प्रस्ताव के परीक्षण का काम चल रहा है। जल्द आगे की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।