बीती रात तेज आंधी से जिले की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तो दो घंटे में बहाल हो गई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में अभी तक सप्लाई शुरू नहीं हुई है। हाईटेंशन के एक खंभा से दूसरे खंभा में कर्मचारी फाल्ट ढूंढते रहे। देर शाम तक थरियांव, करमचंद्रपुर सांढ़ा, बहुआ, असोथर, हुसैनगंज (कैथपुरवा) उपकेंद्र के 33 केवीए लाइन का फाल्ट सही नहीं हो सका। वहीं तेज आंधी से असोथर क्षेत्र में बिजली के खंभा टूटकर गिर गए हैं।
बूंदाबांदी के साथ तेज आंधी ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। असोथर उपकेंद्र के कर्मचारियों ने 33 केवीए लाइन का फाल्ट दोपहर तक सही कर दिया। हाईटेंशन लाइन 11 हजार का फाल्ट नहीं मिल सका। कस्बा समेत क्षेत्र के गांवों में बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। असोथर कस्बा के मजरा सुजानपुर गांव में विद्युतीकरण किया जा रहा है। तेज आंधी में चार खंभे टूटकर गिर गए हैं। रात की वजह से किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
वहीं थरियांव उपकेंद्र के चारों फीडर की 11 हजार लाइन में फाल्ट है। संविदा कर्मी लाइन मैन सुबह से ही खंभों में फाल्ट ढूंढ रहे हैं। क्षेत्र के अजईपुर, पलवा, भारतपुर, मंडासराय, मलांव, मुरांव, टेक्सारी बुजुर्ग, बहरामपुर, हंसवा, आमापुर, नौबस्ता, मंडासरांय गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित है। वहीं हुसैनगंज और असोथर कस्बा की जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। 20 घंटे बीतने के बावजूद नलकूपों की मोटर नहीं चल सकी है। लोगों को हैंडपंप से पानी भर कर लाना पड़ रहा है।
अधिशासी अभियंता आरडब्लू पॉल ने बताया कि आंधी से उपकेंद्रों की हाईटेंशन 33 केवीए व 11 केवीए लाइन में फाल्ट हो गया है। उपकेंद्र के कर्मचारियों को पहले 33 केवीए फिर 11 केवीए लाइन का फाल्ट सही करने को निर्देशित किया गया है। 11 हजार लाइन के फाल्ट सही कराकर जल्द ही गांवों की आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
आंधी में गिरे पेड़, ट्रांसफार्मर गिरा, बिजली बाधित- बिंदकी। तहसील क्षेत्र में सोमवार देर रात आई आंधी में दर्जनाें पेड़ गिर गए। ट्रांसफार्मर खंभों सहित उखड़ कर गिर गया। तहसील क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दर्जनों स्थानों पर तार टूटकर गिरने से आई फाल्ट को सुधारने में मंगलवार को दिनभर बिजली कर्मी लगे रहे।
आंधी से चौडगरा बिंदकी रोड बांदा- सागर हाईवे के किनारे लगे आधा दर्जन से अधिक पेड़ गिर गए, जिससे तेंदुली फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जहानाबाद प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव ममनापुर निवासी शिवनाथ सिंह की छत की रेलिंग टूटकर गिर जाने से गृहस्वामी के वृद्ध पिता बलदेव गंभीर रूप से घायल हो गए, उनकी दो बकरियों की मलबे में दब जाने से मौत हो गई।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ही झूंसी गांव में लगे 250 केवीए का ट्रांसफार्मर खंभाें सहित उखड़ कर गिर गया। गांव ककोरा, कस्बा जहानाबाद में घरों पर लगी टीनें उड़ गई, गुमटिंयां भी पलट गई। आंधी तूफान ने बकेवर, खजुहा, चौडगरा, औंग, देवमई, जाफरगंज, अमौली क्षेत्र में तबाही का मंजर ला दिया।
आंधी तूफान में तीन घर गिरे, 10 लोग घायल - फतेहपुर। सोमवार रात आंधी, बारिश और तूफान की चपेट में आने से तीन घर गिर गए। इससे मलबे में दबकर 10 लोग घायल हुए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कल्यानपुर थाना के गुगौली गांव निवासी किसान घनश्याम सिंह परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। घनश्याम (43) के घर की छत कच्ची है। रात में छत ढह गई। मलबे में उनकी पत्नी उमा (40), बेटा शुभम (13), बेटी कोमल (15), रोशनी (17) दब गए। परिवार की चीखपुकार पर पड़ोसी व ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर परिवार के लोगों की जान बचाई। सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इधर, सदर कोतवाली के दुर्गा मंदिर मोहल्ला निवासी दिनेश मौर्या अपनी पत्नी सुनीता व एक साल के बच्चे संग सो रहे थे। घर के बाहर सीमेंट की चादर का शेड पड़ा था। आंधी में चादर शेड उखड़ गया और सो रहे दिनेश और उनकी पत्नी व बच्चे के ऊपर गिरा, जिससे तीनों घायल हो गए। वहीं बिलंदपुर निवासी शिव कुमार व रामपाल आंधी के दौरान दीवार गिरने में दबकर घायल हो गए।