गांधी नगर बाजार मेें चोरों ने मंगलवार रात सेंध लगाकर कासिम की दुकान से नकदी समेत डेढ़ लाख का माल चुरा लिया। घटना की खबर पीड़ित को बुधवार सुबह इलाकाई लोगों ने दी। पुलिस सूचना पर दुकान पहुंची। व्यापारियों में घटना से हड़कंप मचा है।
ललौली थाना के सुजानपुर गांव निवासी कासिम की बाजार में थोक व फुटकर जनरल मर्चेंटकी दुकान है। दुकान के बगल में प्राथमिक विद्यालय है। इस प्राथमिक विद्यालय की तरफ से ही दुकान में सेंध लगाई गई। सुबह लोगों की सूचना पर दुकानदार पहुंचा और दुकान खोली तो सारा सामान बिखरा मिला।
दुकानदार ने बताया कि गुल्लक में थोक बिक्री का 25 हजार रुपये रखे थे। गुल्लक तोड़कर सारा रुपया चोरी हो गया है। साथ ही राजस्थानी चांदी का कीमती सामान व परचून का एक लाख रुपये कीमत का माल चुरा ले गए। बहुआ चौकी इंचार्ज सुशील यादव मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटना का जायजा लिया है। इलाकाई व्यापारियों की दुकान में भीड़ लगी रही। व्यापारी पुलिसिंग को लेकर सवाल खड़े करते रहे। व्यापारियों ने रात को पिके ट पुलिस के आराम से सोने का आरोप लगाया है।