डीजीपी जावीद अहमद के आदेश पर दो हफ्ते के लिए चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था परखी। बैंक मैनेजरों से मुलाकात कर टप्पेबाजी, लूटपाट की घटनाओं को रोकने के दिशा निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक दोपहर के 12 बजे पथरकटा चौराहे स्थित एसबीआई बैंक मुख्य शाखा पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों का जायजा लिया। एक कैमरा बंद मिलने पर बैंक मैनेजर प्रीती सचान से मुलाकात की और सारे कै मरे चालू रखने के निर्देश दिए। कैश काउंटर पर भीड़ का हाल जाना।
फिर खुद ही एटीएम में लगी भीड़ को टप्पेबाजों से सावधान किया। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक में जरूरतमंदों को ही बैंक में ठहरने का आदेश दिया। उपभोक्ताओं के साथ आए लोगों को बाहर कर बैंक के सायरन व पुलिस रजिस्टर की पड़ताल की। कोतवाल आरके पांडेय नेे निर्देश दिए कि बैंकों में लेनदेन के समय पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए।
शहर के बीओबी, एचडीएफसी, आईडीबीआई बैंक, एसबीआई कृषि शाखा समेत सभी ब्रांच और डाकघर खंगाले गए। वहीं थानेदारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में भी बैंकों पर चेकिंग अभियान चलाया। बैंक मैनेजरों को भारी कैश ले जाने आने पर सुरक्षा व्यवस्था की भी मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया है।
एसपी कलानिधि नैथानी ने शस्त्र लाइसेंस दूसरे को देने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बताया कि नियम के अनुरूप ही शस्त्रधारी अपने सुरक्षा के लिए शस्त्रों का उपयोग कर सकते हैं।